मासिक धर्म स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए, दिल्ली विश्वविद्यालय के इन्द्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय (IPWC) ने यूनेस्को के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से “एम्पॉवर फ्लो: स्पॉटलाइट रेड” नामक सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल के साथ, इन्द्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय देश का पहला शैक्षणिक संस्थान बन गया है, जिसने मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता पर एक औपचारिक पाठ्यक्रम की शुरुआत की है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला गरिमा और सशक्तीकरण के विजन के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नयना सहस्रबुद्धे (उपाध्यक्ष, भारतीय स्त्री शक्ति) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में स्वीडन से लीना बैकर, यूनेस्को नई दिल्ली की शिक्षा प्रमुख जॉयस पोअन तथा डॉ. हुमा मसूद शामिल थीं। कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पूनम कुमरिया के नेतृत्व में हुआ, जबकि समन्वयक के रूप में डॉ. चेतना गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह पाठ्यक्रम मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं, मिथकों और जानकारी के अभाव को दूर करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता को समग्र रूप से शामिल किया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं इस विषय पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकें। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. पूनम कुमरिया ने कहा कि मासिक धर्म के प्रति जागरूकता की कमी और संसाधनों का अभाव आज भी अनेक युवतियों की शिक्षा में बाधा बनता है। मुख्य अतिथि श्रीमती सहस्रबुद्धे ने मासिक धर्म को एक स्वाभाविक प्रक्रिया मानते हुए इस पर खुलकर संवाद करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं जॉयस पोअन ने इसे सार्वजनिक शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताया, जबकि डॉ. हुमा मसूद ने इसे संस्थागत और नीतिगत ढांचे में शामिल करने की जरूरत रेखांकित की।
देश भर के महाविद्यालयों और समुदायों तक इस पहल को विस्तार देने की योजना के साथ यह कार्यक्रम एक समावेशी और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन्द्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय और यूनेस्को की यह साझेदारी लैंगिक-संवेदनशील शिक्षा और युवा कल्याण के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इन्द्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वुमेन (IPWC) के बारे में वर्ष 1924 में स्थापित इन्द्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वुमेन, दिल्ली विश्वविद्यालय का एक प्रतिष्ठित और प्राचीन महिला महाविद्यालय है। अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, सशक्त परिसर संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पण के लिए यह संस्थान प्रसिद्ध है। दशकों से यह महाविद्यालय आत्मविश्वासी, सक्षम और सामाजिक रूप से सजग युवा महिलाओं का निर्माण करता आ रहा है, जो विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।