नई दिल्ली (मुकुंदपुर/बुराड़ी)। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर ब्राह्मण महासभा, मुकुंदपुर (बुराड़ी) द्वारा एक भव्य एवं हृदयस्पर्शी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भगवान परशुराम के चरणों में पुष्प अर्पित किए गए। हवन-यज्ञ एवं भजन-कीर्तन के मधुर स्वर से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व चेयरमैन एवं बुराड़ी निगम पार्षद अनिल त्यागी तथा करावल नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदेश भारद्वाज उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्होंने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होकर धर्म और सत्य की रक्षा की। आज के समय में भी उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर करावल नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदेश भारद्वाज का समिति की ओर से विशेष रूप से अभिनंदन भी किया गया।
वक्ताओं ने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों में बंटकर समाज अपनी शक्ति को कमजोर करता है, जबकि परशुराम जी हमें दृढ़ संकल्प, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाते हैं। माता-पिता की सेवा, बच्चों को संस्कार देना और बुजुर्गों का सम्मान करना उनके जीवन के प्रमुख संदेश हैं।
समिति के अध्यक्ष गोविंद मिश्रा ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक ब्राह्मण समाज की 12 खाप के प्रधान तेजप्रताप भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम भी हैं।
कार्यक्रम में मशहूर हास्य कलाकार पीयूष दुबे ने अपने व्यंग्य के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। वहीं प्रदीप शर्मा, संजीव भारद्वाज और राजन पांडे की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, लेकिन भगवान परशुराम के आदर्शों की गूंज लोगों के दिलों में लंबे समय तक बनी रहेगी।
इस अवसर पर विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।