पंचकुला। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले गुट) द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पंचकुला के सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह में श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को याद किया।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का नेतृत्व रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले गुट) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रवि सोनू कुंडली ने किया।
अपने संबोधन में रवि सोनू कुंडली ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हरियाणा में पार्टी के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक मजबूती पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है और आने वाले समय में हरियाणा सहित पंजाब में भी संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार सामाजिक समरसता और समावेशी विकास को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पंचकुला मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल, चंडीगढ़ की उप महापौर सुमन शर्मा, बैरागी समाज हरियाणा के अध्यक्ष शिव पवार, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश महासचिव टिंकू भट्टी, हरियाणा अध्यक्ष ओमप्रकाश, अहिल्यावती, राजेश दलाल, एकलव्य पाठशाला के अध्यक्ष कर्मवीर बेदी, महेंद्र तिवारी तथा ट्रेड बोर्ड अध्यक्ष अमित बजाज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समानता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।