स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान “हर महीने प्रथम रविवार, दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के नाम” के अंतर्गत आज देशभर में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरिद्वार जिले में अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल ज्वालापुर, वटवृक्ष सुनहरा, भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुए।

मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, ज्वालापुर में सम्पन्न हुआ, जहाँ प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी. आर. चौहान ने ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के उपरांत अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी एवं जिलाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश आर्य ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।


अपने संबोधन में एडीएम पी. आर. चौहान ने कहा कि समिति द्वारा देशभर में चलाया जा रहा यह अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना जागृत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान तथा उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि 16 अप्रैल को जिलाधिकारी सभागार में आयोजित बैठक में सेनानी परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया था, जिस पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि शहीद स्थलों के सौंदर्यीकरण, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को चिकित्सालयों में नि:शुल्क उपचार, सम्मान पेंशन, परिचय पत्र, आवासीय भूखंड, शहीद स्थलों की स्वच्छता तथा वरिष्ठ उत्तराधिकारियों के जीवित प्रमाण पत्र घर जाकर प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
रघुवंशी ने देशभर के सेनानी परिवारों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने जिलों में भी इसी प्रकार संगठित होकर प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएँ रखें, जिससे स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मान एवं अधिकार सहजता से प्राप्त हो सकें।
राष्ट्रपति सम्मानित हरितऋषि विजय पाल सिंह बघेल ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समिति राष्ट्रभक्ति की धारा को पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक कार्य कर रही है। वहीं सुरेश चन्द्र सुयाल ने इसे “आजादी की दूसरी लड़ाई” बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय गेंदन लाल कटियार की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उनके सुपुत्र एवं संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश आर्य ने अपने पिता के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने अंग्रेजी शासन की यातनाएँ सहते हुए भी स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया और स्वतंत्रता के बाद भी समाजसेवा में सक्रिय रहे।
इस अवसर पर सुरेश चन्द्र सुयाल, पद्मा देवी आर्य, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, चन्द्र प्रकाश मगन, धीरज शर्मा, बी. एस. बुटोला, बालकिशन शर्मा, अशोक चौहान, वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती शशि शर्मा, श्रीमती मधु बाला, शालिनी वर्मा, श्रग्नी वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।