नई दिल्ली। देश के प्रसिद्ध चिकित्सक, आर.जी. स्टोन हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं समाजसेवा के पर्याय माने जाने वाले स्वर्गीय डॉ. भीमसेन बंसल की आठवीं पुण्यतिथि पर चिकित्सा जगत, सामाजिक क्षेत्र और कांग्रेस परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके द्वारा समाज और चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सच्चा मानवसेवी और जननायक बताया गया।
डॉ. भीमसेन बंसल ने अपने जीवनकाल में लाखों मरीजों का सफल पथरी ऑपरेशन कर उन्हें नई जिंदगी और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान किया। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता, समर्पण और मानवीय दृष्टिकोण ने उन्हें देशभर में विशेष पहचान दिलाई। वे गरीबों और जरूरतमंदों के लिए सदैव सहायता हेतु तत्पर रहते थे तथा अनेक मरीजों का निःशुल्क उपचार कर मानवता की मिसाल कायम की।
चिकित्सक होने के साथ-साथ डॉ. बंसल एक सक्रिय समाजसेवी और लोकप्रिय जननेता भी थे। वे दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा दो बार निगम पार्षद रहे। कांग्रेस संगठन में उनकी पहचान एक मजबूत स्तंभ, कर्मठ नेता और जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व के रूप में रही। उन्होंने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में हमेशा आमजन की आवाज़ उठाई और जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता दी।
उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और चिकित्सा जगत की अनेक हस्तियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए I
डॉ. भीमसेन बंसल को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व सांसद एवं पूर्व अध्यक्ष दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी जय प्रकाश अग्रवाल, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मिर्ज़ा जावेद अली, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की प्रभारी डॉ. चंचल अग्रवाल, कूचा पंडित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व निगम पार्षद कृष्ण मुरारी जाटव, पूर्व निगम पार्षद डॉ. आर.बी. सिंह तथा आशीष हरीचंद वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राष्ट्र टाइम्स के संपादक विजय शंकर चतुर्वेदी ने भी स्वर्गीय डॉ. भीमसेन बंसल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “डॉ. बंसल का सामाजिक एवं मानवीय योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने अपने सेवा भाव, विनम्रता और समर्पण से समाज में एक अमिट छाप छोड़ी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।”