नई दिल्ली। संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार शाम का आयोजन स्नेह नांगिया एवं गाते रहो म्यूजिक क्लब द्वारा इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर, लोधी रोड में किया गया। “आती रहेंगी बहारें” शीर्षक से आयोजित इस भव्य संगीत संध्या में मधुर गीतों और सुरीले सुरों ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री गोपाल दीक्षित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगीत समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।


कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायिका स्नेह नांगिया रहीं, जिन्होंने अपने मनमोहक गीतों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना था, जहां पुराने और सदाबहार गीतों की मधुरता के साथ भावनाओं और यादों का सुंदर संगम देखने को मिले।
गाते रहो म्यूजिक क्लब के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह ने सभी अतिथियों और संगीत प्रेमियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्लब लगातार संगीत और कला के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रहा है।
संगीतमय शाम में मिस्टिक बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए, जबकि ध्वनि व्यवस्था लिंकर्स द्वारा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रसिद्ध एंकर करुणेश शर्मा ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की। आयोजकों ने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है और ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।