नई दिल्ली। भाई सुमित शर्मा जी को जिला कृष्णा नगर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर उनके निवास पर पहुंचकर जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता धवन ने जिले की महिला कार्यकर्ताओं एवं बहनों के साथ उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुमित शर्मा एक जुझारू, कर्मठ एवं युवा नेता हैं, जिन्होंने वर्षों तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है। लक्ष्मी नगर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी के रूप में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता धवन ने कहा कि सुमित शर्मा के जिला अध्यक्ष बनने से जिला कृष्णा नगर में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन जनहित के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाएगा।
इस दौरान महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और सभी ने सुमित शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।