पूर्व दिल्ली सरकार मंत्री एवं वरि ष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन द्वारा जारी दिल्ली परिवहन ढाँचे पर आधारित आँकड़ा-शृंखला के दूसरे दिन राजधानी में परिवहन क्षेत्र में हुए पूँजी निवेश को लेकर विभिन्न सरकारों की तुलना प्रस्तुत की गई। यह विश्लेषण भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) तथा दिल्ली सरकार के ऑडिटेड खातों पर आधारित बताया गया है।
जारी आँकड़ों के अनुसार वर्ष 1999 से 2014 तक कांग्रेस सरकार के दौरान दिल्ली में परिवहन पूँजी निवेश में औसतन 17 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई, जबकि वर्ष 2014 से 2025 के बीच आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में यह वृद्धि दर घटकर माइनस 3.4 प्रतिशत रही। विश्लेषण में दावा किया गया है कि आप सरकार के दौर में परिवहन पूँजी में गिरावट देखने को मिली।
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली सरकार के कुल पूँजीगत व्यय (CAPEX) में परिवहन क्षेत्र को सबसे अधिक हिस्सा कांग्रेस सरकार के दौरान मिला। आँकड़ों के मुताबिक बीजेपी शासनकाल में परिवहन को कुल CAPEX का 11 प्रतिशत, कांग्रेस शासनकाल में 18 प्रतिशत तथा आप सरकार के दौरान 17 प्रतिशत हिस्सा मिला।
विश्लेषण में यह भी कहा गया है कि परिवहन पर खर्च किए गए प्रत्येक 100 रुपये में से निर्माण एवं नई परिसंपत्तियों के विकास पर कांग्रेस सरकार ने 73 रुपये खर्च किए, जबकि बीजेपी के समय यह आँकड़ा 54 रुपये और आप सरकार के दौरान केवल 33 रुपये रहा।
पूर्व मंत्री अजय माकन ने कहा कि दिल्ली के विकास और सुगम परिवहन व्यवस्था के लिए दीर्घकालिक आधारभूत ढाँचे में निवेश आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “आँकड़े स्वयं स्थिति स्पष्ट करते हैं और अंतिम निर्णय जनता को करना है।”