नई दिल्ली। फेडरेशन ऑफ व्यापार मंडल एवं नई दिल्ली भाजपा परिवार की ओर से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री भगत सिंह कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट सी.ए. राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने की।
इस अवसर पर सी.ए. राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी को मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और वहां की संस्कृति, संघर्ष एवं समर्पण की भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी का 66 वर्षों का सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है। पत्रकारिता, शिक्षा, समाजसेवा एवं राजनीति के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए देश ने उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया है।


उन्होंने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में भी भगत सिंह कोश्यारी का विशेष योगदान रहा है, जिसे क्षेत्र की जनता आज भी याद करती है।
अभिनंदन समारोह में अपने संबोधन में पद्म भूषण श्री भगत सिंह कोश्यारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और लगाव हमेशा देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए सकारात्मक योगदान देना चाहिए तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश सेमवाल, डॉ. विनोद बछेती एवं डॉ. हरिसुमन बिष्ट सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री कोश्यारी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की सराहना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंकज पैन्यूली, प्रताप थलवाल, मुरार कंडारी, सत्यप्रकाश नौटियाल, अनिल पंत, गिरीश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।