शिकायतों के बाद भी नहीं जागे विधायक, विधायक प्रतिनिधि और जल बोर्ड अधिकारी
- ललित भसोढ़
दिल्ली की भीषण गर्मी में जहां एक ओर तापमान लगातार लोगों का जीना मुश्किल कर रहा है, वहीं दूसरी ओर रामनगर वार्ड 80 की जनता पानी की भारी किल्लत से जूझ रही है।
पहाड़गंज क्षेत्र के नबी करीम स्थित मकान संख्या 6907 के निवासियों ने दिल्ली जल बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को लिखित शिकायत देकर बताया है कि पिछले लगभग तीन महीनों से इलाके में पानी की सप्लाई बेहद अनियमित और अपर्याप्त है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विधायक बल्लीमारान इमरान हुसैन उनके प्रतिनिधियों तथा दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि शिकायतें केवल कागजों तक सीमित रह जाती हैं और जमीनी स्तर पर कोई राहत नहीं मिलती इलाके के निवासियों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लोगों का कहना है कि इस भयंकर गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है जबकि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है उनका कहना है कि जब जनता की मूलभूत जरूरत पानी ही पूरी नहीं हो पा रही तो आखिर रामनगर वार्ड 80 की प्यासी जनता किससे गुहार लगाए? जनता अब सवाल पूछ रही है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या जनआक्रोश का इंतजार कर रहा है?