
राहुल शर्मा
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के सोशल मीडिया चेयरमैन राहुल शर्मा ने पुरानी दिल्ली की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से ‘चांदनी चौक की सुध लो सरकार’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत उन्होंने पुरानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों की बदहाल स्थिति को उजागर करते हुए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

राहुल शर्मा ने कहा कि देश और राजधानी की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले चांदनी चौक तथा पुरानी दिल्ली के अन्य इलाकों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। क्षेत्र के लोग वर्षों से टूटी सड़कों, जाम, जलभराव, गंदगी, बदहाल सीवर व्यवस्था और अव्यवस्थित यातायात जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार सरकारें इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के लंबे कार्यकाल के दौरान भी पुरानी दिल्ली की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया और अब भाजपा सरकार भी क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

राहुल शर्मा ने कहा, “‘चांदनी चौक की सुध लो सरकार’ अभियान का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि पुरानी दिल्ली के लाखों नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। चांदनी चौक देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और व्यापारिक धरोहर है, लेकिन आज यहां के हालात बेहद चिंताजनक हैं।”
उन्होंने कहा कि चांदनी चौक, जामा मस्जिद, बल्लीमारान, मटिया महल, दरियागंज, चावड़ी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है, जबकि जाम और अतिक्रमण के कारण आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।

डीपीसीसी के सोशल मीडिया चेयरमैन ने कहा कि सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक तस्वीर जनता और सरकार के सामने लाई जा रही है। अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों की समस्याओं, तस्वीरों और वीडियो को साझा कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
राहुल शर्मा ने कहा, “सरकारों को केवल घोषणाएं करने के बजाय जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए। पुरानी दिल्ली के विकास, सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, जल निकासी और सीवर व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में समस्याएं और विकराल रूप ले सकती हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और पुरानी दिल्ली के लोगों को उनकी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगी।