नई दिल्ली, 31 मई 2026। सातारा (महाराष्ट्र) में आयोजित 52वीं हिंद केसरी एवं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के सफल समापन के उपलक्ष्य में गुरु ब्रह्मचारी कुश्ती अकादमी, दिल्ली में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन (भारतीय शैली) द्वारा किया गया, जिसमें कुश्ती जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।


समारोह में भारतीय शैली कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव गौरव रोशनलाल, वरिष्ठ पदाधिकारी शिव कुमार शर्मा, ध्यानचंद अवॉर्डी ज्ञान सिंह, हनीफराज शेख, अर्जुन अवॉर्डी अशोक गर्ग तथा अंतरराष्ट्रीय रेफरी जगबीर दहिया का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया।


इस अवसर पर दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी राजसिंह पहलवान के नेतृत्व में खजान बैजनाथ सूद, भोला पहलवान, पुरुषोत्तम इंदौरिया, किरणपाल पहलवान, गौरव सहरावत, सूरज सहरावत (SAI), चौधरी देवेश टांक, चौधरी वरुण टांक, चौधरी पवन, चौधरी लव पहलवान, खजान, अजय यादव, सादिक पहलवान (लोनी) सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अतिथियों का अभिनंदन किया।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिंद केसरी दंगल में 85 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले युवा पहलवान समीर पहलवान रहे। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित खेल प्रेमियों और कुश्ती समुदाय ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। समीर का विशेष सम्मान बबली पहलवान एवं खजान सुभाष यादव (सरफाबाद) द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय शैली की कुश्ती देश की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है और ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने युवा पहलवानों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन नरेंद्र सिंह ओहल्यान ने किया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी संजय सूद ने बखूबी निभाई। समारोह में बड़ी संख्या में पहलवानों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और खेल भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।