पुष्कर (राजस्थान)। कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। समापन अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान और दिल्ली के नव-नियुक्त कांग्रेस जिला अध्यक्षों से संवाद कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया।

राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि वे संगठन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं तथा कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर उनके मुद्दों को उठाना चाहिए, जिससे संगठन और समाज के बीच विश्वास और संवाद और अधिक मजबूत हो सके।

इस अवसर पर एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, एआईसीसी मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठन विस्तार, नेतृत्व क्षमता विकास, जनसरोकारों से जुड़ाव और कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कांग्रेस नेतृत्व ने इसे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।