दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के अंतर्गत हिंदी अकादमी, दिल्ली द्वारा 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क बाल रंगमंच कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला विद्या बाल भवन स्कूल, एमबी-ब्लॉक-54, शकरपुर, दिल्ली में आयोजित होगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के चेयरमैन डॉ. हरि दत्त शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में अभिनय, संवाद कला, मंच संचालन, आत्मविश्वास तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास करना है। उन्होंने कहा कि रंगमंच बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का एक प्रभावी माध्यम है, जो उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और समाज के समक्ष आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत होने का अवसर प्रदान करता है।
बच्चों का साक्षात्कार 3 जून 2026 को प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित किया गया। चयनित बच्चों के लिए कार्यशाला 4 जून से 30 जून 2026 तक सोमवार से शनिवार, प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी।
डॉ. शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यशाला का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने बताया कि प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है तथा इच्छुक विद्यार्थी विद्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर वहीं जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: 8595338820
रंगमंच से जुड़े, अपनी प्रतिभा को नई उड़ान दें