नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के कार्यकाल के लगभग दो वर्ष पूरे होने के साथ ही पार्टी संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नए चेहरे को जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, कस्तूरबा नगर से विधायक अभिषेक दत्त का नाम संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है। पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि अभिषेक दत्त संगठन और जनसंपर्क दोनों स्तरों पर सक्रिय नेता हैं तथा अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार कार्यकर्ताओं और जनता के बीच मौजूद रहते हैं।
कांग्रेस के कुछ नेताओं का मानना है कि यदि अभिषेक दत्त को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो सकता है। कार्यकर्ताओं को एक ऐसा प्रदेश अध्यक्ष मिलेगा जो चौबीसों घंटे उपलब्ध रहकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दे सकेगा।
हालांकि, अभी तक कांग्रेस हाईकमान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जारी हैं और पार्टी कार्यकर्ता संभावित फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल सभी की निगाहें कांग्रेस नेतृत्व पर टिकी हैं कि दिल्ली कांग्रेस की कमान आगे भी देवेंद्र यादव के हाथों में रहेगी या संगठन को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलेगा। आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।