नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय के तहत भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं विभिन्न योग संस्थाओं के सहयोग से नई दिल्ली के 9 प्रमुख स्थलों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर लगभग 6,000 प्रतिभागियों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नई दिल्ली के शांति पथ पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। वहीं केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने लोधी गार्डन में आयोजित योग कार्यक्रम में सहभागिता की।
एनडीएमसी अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने पीएसओआई क्लब, चाणक्यपुरी में आयोजित कार्यक्रम में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के स्वयंसेवकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक सशक्त जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।
श्री केशव चंद्रा ने बताया कि योग दिवस के कार्यक्रम लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, आईएएस रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स (न्यू मोती बाग), संजय झील (लक्ष्मीबाई नगर), पंडारा पार्क, पालिका पार्क (कनॉट प्लेस), पीएसओआई क्लब (चाणक्यपुरी) सहित कुल 9 प्रमुख स्थलों पर आयोजित किए गए।

एनडीएमसी परिषद सदस्य श्री अनिल वाल्मीकि ने वाल्मीकि सदन, मंदिर मार्ग में स्थानीय नागरिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास करते हुए कहा कि यह आयोजन स्वस्थ जीवनशैली, समग्र स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इन प्रमुख स्थलों के अतिरिक्त एनडीएमसी वृद्धाश्रम, कार्यरत महिला छात्रावास, आयुष इकाइयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा विभिन्न कार्यालयों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, द योग गुरु इंस्टीट्यूट, मोक्षायतन योग संस्थान एवं इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन का सहयोग रहा।
एनडीएमसी ने सभी स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण कराया। साथ ही पेयजल, योगा मैट, टी-शर्ट, मोबाइल शौचालय, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम की सुचारु व्यवस्था हेतु लगभग 1,000 कर्मचारियों एवं अधिकारियों की तैनाती की गई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस सफल आयोजन ने नई दिल्ली में स्वास्थ्य, फिटनेस और योग के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक मजबूत किया।