प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की असीम कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प “बृज की रसोई” के अंतर्गत आशियाना क्षेत्र में विशाल निःशुल्क भोजन वितरण सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 2000 से अधिक अकिंचन, निराश्रित, असहाय, जरूरतमंद बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिहाड़ी श्रमिकों को ससम्मान पौष्टिक भोजन एवं शीतल शरबत वितरित किया गया।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि बृज की रसोई केवल भूख मिटाने का प्रयास नहीं, बल्कि समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्ग के जीवन में विश्वास, सम्मान और अपनत्व का संचार करने का एक सतत अभियान है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।

दीपक भुटियानी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक एवं आर्थिक विषमताओं के बीच सामूहिक सहयोग और मानवीय सहभागिता ही एक संवेदनशील एवं समरस समाज के निर्माण का आधार बन सकती है। वहीं संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान में निहित समानता, गरिमा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को व्यवहारिक रूप देने का निरंतर प्रयास बृज की रसोई के माध्यम से किया जा रहा है।
विकास पाण्डेय ने बताया कि भोजन की प्रत्येक थाली के साथ सम्मान, आत्मीयता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी परोसी गई, जिसने इस आयोजन को मात्र भोजन वितरण कार्यक्रम न बनाकर जनसहभागिता और मानवीय संवेदनाओं के उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जालिम सिंह ने बताया कि लगभग 2000 जरूरतमंदों तक पौष्टिक भोजन और शीतल शरबत पहुँचाया गया। वहीं बलवंत सिंह ने कहा कि स्वयंसेवकों ने सेवा, संवेदना और आत्मीयता के भाव से प्रेमपूर्वक भोजन वितरित कर मानवीय मूल्यों की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की।
आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन में सी.एच. तिवारी, जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, दीपक भुटियानी, आशीष श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, मुकेश कनौजिया, नवलेश सिंह, रोहित कुमार, सत्यम एवं उमाशंकर यादव सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प दोहराया।