नई दिल्ली। श्री रामलीला महासंघ के नेतृत्व में दिल्ली की विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों ने संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से मुलाकात की। महासंघ के अध्यक्ष श्री अर्जुन कुमार ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा रामलीलाओं के लिए निशुल्क मैदान एवं मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इस अवसर पर श्री अर्जुन कुमार और महासंघ के महामंत्री श्री सुभाष गोयल ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला को गदा और रामायण की प्रति भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल को लोकसभा और राज्यसभा का अवलोकन भी कराया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री ओम बिरला ने कहा कि रामलीला भारत की सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रामलीला की परंपरा ने समाज को मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया है तथा इसका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रामलीला समितियां भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सशक्त वाहक हैं। आधुनिक दौर में सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए नवाचार, तकनीक और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। रामलीला सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
बैठक में सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि रामलीला भारत की सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत उत्सव है और यह हमारी सभ्यता, संस्कारों तथा राष्ट्रीय चरित्र का प्रतिबिंब है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री ओम बिरला के मार्गदर्शन में देशभर की रामलीला समितियों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा भारत की सांस्कृतिक परंपराएं और अधिक सशक्त होंगी।