अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा कर्नाटक के गडग में आयोजित 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में पारित 12 महत्वपूर्ण सुझावों को देशभर में लागू कराने की रणनीति पर विचार-विमर्श हेतु परिषद की कार्यसमिति एवं महासमिति बैठक का आयोजन रविवार, 19 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
बैठक का आयोजन सायं 4:00 बजे से नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार, धर्मपुर कोर्टयार्ड, मेरिस रोड, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) में होगा। परिषद के राष्ट्रीय नेतृत्व ने देशभर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समयानुसार बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है।
परिषद के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं परिषद के संरक्षक आर.के. सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा अधिवेशन में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक के आयोजन में कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अशोक चौहान, राष्ट्रीय महासचिव अनिल शर्मा, ध्यानपाल सिंह जादौन, चौ. भूपेंद्र सिंह, चौ. वीरेंद्र सिंह सहित परिषद के अनेक राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
परिषद के अनुसार यह बैठक ग्रामीण भारत के समग्र विकास, पंचायतों के अधिकारों के सुदृढ़ीकरण तथा जनभागीदारी आधारित शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।