राय फ़िल्म्स के बैनर तले बनने वाली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म ‘लिटिल टीचर’ की शूटिंग का शुभारंभ आज दिल्ली के सांस्कृतिक और फिल्मी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र मंडीn हाउस में विधिवत मुहूर्त के साथ संपन्न हुआ। ईश्वर की आराधना एवं मंगलकामनाओं के बीच फिल्म का पहला मुहूर्त शॉट फिल्माया गया।
मुहूर्त समारोह में निर्माता अमित राय, क्रिएटिव फिल्म डायरेक्टर सुनील पाराशर, सह-निर्माता श्रवण कुमार पनवार, निर्देशक सैम सीजे, असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज, कैमरामैन गुंजन तथा फिल्म की पूरी टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर फिल्म के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों एवं तकनीकी सदस्यों ने फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
क्रिएटिव फिल्म डायरेक्टर सुनील पाराशर ने कहा कि वे अमित राय को लंबे समय से जानते हैं और उनकी मेहनत तथा समर्पण से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने बताया कि ‘लिटिल टीचर’ का विषय अत्यंत संवेदनशील और दिल को छू लेने वाला है। यह फिल्म सड़कों पर कूड़ा बीनने वाले बच्चों के जीवन, संघर्ष और उनकी संभावनाओं को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे बच्चों को सही मार्गदर्शन और शिक्षा मिले तो वे जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं, यहां तक कि प्रशासनिक सेवाओं में जाकर कलेक्टर जैसे पदों तक भी पहुंच सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह फिल्म राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगी।
फिल्म के निर्माता अमित राय ने बताया कि ‘लिटिल टीचर’ एक शिक्षा-आधारित सामाजिक विषय पर निर्मित की जा रही फिल्म है, जिसका उद्देश्य समाज में शिक्षा के महत्व और उसके सकारात्मक प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि फिल्म की विशेषता यह है कि इसमें बड़ी संख्या में बाल भवन के बच्चों को अभिनय का अवसर दिया गया है, जिससे उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
फिल्म में बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार खनक कश्यप, मीनाक्षी, दिव्या, उत्कर्ष, आज़ल तथा मुकेश कुमार राव प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, वेदिका चौधरी को विशेष क्रिएटिव भूमिका में प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म की शूटिंग दिल्ली के विभिन्न प्रमुख स्थलों जैसे मंडी हाउस, कनॉट प्लेस, रेलवे स्टेशन, पुराना किला तथा दिल्ली की विभिन्न बस्तियों में की जाएगी, जिससे राजधानी के विविध सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश को फिल्म में प्रभावी रूप से दर्शाया जा सके।
अमित राय ने कहा कि ‘लिटिल टीचर’ केवल मनोरंजन के उद्देश्य से नहीं बनाई जा रही है, बल्कि यह शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देने वाली प्रेरणादायक फिल्म है। उन्हें विश्वास है कि यह फिल्म राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त करेगी तथा एक अवार्ड-विनिंग फिल्म के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित यह फिल्म समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।