- नदीम अहमद काज़मी
राष्ट्रीय राजधानी में बिहार की समृद्ध खान-पान संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने नई बिहार भवन कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार भवन के वरिष्ठ पदाधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार भवन आने वाले अतिथियों, प्रवासी बिहारवासियों तथा दिल्ली-एनसीआर के नागरिकों को अब एक ही स्थान पर बिहार के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों का प्रामाणिक स्वाद उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन केवल भोजन परोसने का केंद्र नहीं है, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खान-पान परंपरा को राष्ट्रीय राजधानी में नई पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगी।

उन्होंने बताया कि कैंटीन के मेन्यू में बिहार के लोकप्रिय और पारंपरिक व्यंजनों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। यहां आने वाले लोग लिट्टी-चोखा, सत्तू से बने विभिन्न व्यंजन, कढ़ी-भात, दाल-भात, मौसमी सब्जियां तथा अन्य बिहारी पकवानों का स्वाद ले सकेंगे। इन व्यंजनों के माध्यम से लोगों को बिहार की असली पाक परंपरा का अनुभव प्राप्त होगा।
कैंटीन के संचालन समय की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नाश्ते के लिए तथा दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक भोजन के लिए खुली रहेगी।
नई बिहार भवन कैंटीन के शुभारंभ को दिल्ली में रहने वाले बिहारवासियों के लिए एक सुखद पहल माना जा रहा है। इससे न केवल बिहारी व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान को भी व्यापक स्तर पर नई मजबूती प्राप्त होगी।