नई दिल्ली। सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री इमरान हसन ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक श्री अनिल भारद्वाज ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में विधिवत शामिल कराया।

राजीव भवन स्थित दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री इमरान हसन के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बाबरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लोकसभा प्रभारी श्री लक्ष्मण रावत, पूर्व विधायक श्री अब्दुल रहमान, पूर्व विधायक हाजी इशराक, सीलमपुर विधानसभा के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री इमरान हसन का राजनीतिक अनुभव, जनसंपर्क और संगठनात्मक सक्रियता कांग्रेस को क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
दिल्ली कांग्रेस परिवार ने श्री इमरान हसन एवं उनके साथ कांग्रेस में शामिल हुए सभी साथियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।