- राकेश जाखेटिया
वैश्य जन विकास मंच, दिल्ली के बैनर तले वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन का आयोजन रविवार को कांस्टीट्यूशन क्लब, रफी मार्ग, नई दिल्ली में मंच के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सामाजिक सेवाएं देने वाले लगभग 10 वरिष्ठ नागरिकों को पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकांश वरिष्ठ नागरिक 90 वर्ष के आसपास की आयु के होने के बावजूद ऊर्जा और उत्साह से भरपूर दिखाई दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन के.एम. गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन कार्यक्रम में महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
दिल्ली के विधायक अजय महावर एवं संजय गोयल ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की जनसंख्या और उसकी सही पहचान भविष्य में उसकी भागीदारी और प्रतिनिधित्व को मजबूत करने में सहायक होती है। उन्होंने भाजपा को ऐसा राजनीतिक संगठन बताया जो सामान्य कार्यकर्ता को भी नेतृत्व के उच्च स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करता है।
दिल्ली प्रदेश माहेश्वरी संगठन के पूर्व अध्यक्ष नीरज पल्तानी ने कहा कि समाज के लोगों को सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए तथा अपने मित्रों और परिचितों को भी ऐसे आयोजनों से जोड़ना चाहिए, ताकि वे सामाजिक जीवन के विविध अनुभव प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, मनोज विजयवर्गीय सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान यह भी महसूस किया गया कि वैश्य जन विकास मंच भविष्य में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ऊर्जावान युवा पीढ़ी को नेतृत्व से जोड़ने की दिशा में प्रयासरत है। कार्यक्रम में उद्योग, शिक्षा, मीडिया, प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।