नई दिल्ली। श्री देवोत्थान सेवा समिति (पंजी.), प्रताप भवन, बहादुर शाह जफर मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 26वीं अस्थि कलश विसर्जन यात्रा की तिथि निर्धारित कर दी गई है। यात्रा को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के राष्ट्रीय महामंत्री एवं यात्रा संयोजक विजय शर्मा ने बताया कि यह यात्रा 8 अक्टूबर 2026, बृहस्पतिवार (पितृपक्ष त्रयोदशी) को प्रातः 9 बजे से 10 बजे के मध्य शहीदी पार्क, बहादुर शाह जफर मार्ग, आईटीओ, नई दिल्ली से पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात हरिद्वार के लिए रवाना होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल अस्थि कलशों का वैदिक विधि-विधान के अनुसार विसर्जन 9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार (पितृपक्ष चतुर्दशी) को दोपहर 1 बजे सतीघाट, कनखल, हरिद्वार में किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धापूर्वक 100 किलोग्राम दूध की धारा के साथ विशेष वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।
समिति ने समाज के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों से इस पुण्य कार्य में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की है। समिति के अनुसार इच्छुक श्रद्धालु अपनी सहयोग राशि चेक, नकद, पेटीएम अथवा सीधे संस्था के बैंक खाते में जमा कर सकते हैं। सहयोग राशि भेजने के बाद रसीद प्राप्त करने के लिए स्क्रीनशॉट भेजने का अनुरोध भी किया गया है।
समिति का मानना है कि पितरों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सनातन परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।