भारतीय शैली की कुश्ती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भारत केसरी संजय पहलवान अखाड़ा, दिल्ली में मासिक दंगल का आयोजन किया गया। भारतीय शैली कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में दिल्ली रेसलिंग एसोसिएशन भारतीय शैली द्वारा आयोजित दंगल में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न अखाड़ों से आए पहलवानों ने भाग लिया। दंगल में करीब 80 कुश्तियां कराई गईं, जिनमें पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया।

दंगल में पहलवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए अर्जुन अवॉर्डी, कॉमनवेल्थ चैंपियन एवं भारत केसरी श्री संजय पहलवान तथा अर्जुन अवॉर्डी श्री अशोक गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ने पहलवानों को आशीर्वाद देते हुए भारतीय शैली की कुश्ती को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
दंगल की सबसे बड़ी कुश्ती में भारत पहलवान, सुपुत्र सिब्बत पहलवान, ग्राम सरफाबाद, नोएडा, विजेता रहे। वहीं सबसे तेज कुश्ती का मुकाबला तेजस ने महज 30 सेकंड में अपने नाम किया। तेजस अखाड़ा गुरु ब्रह्मचारी से जुड़े हैं और भारत केसरी राज सिंह पहलवान, गढ़ी सांपला के पौत्र हैं।

दंगल की शुरुआत बाल पहलवान मनवीर सिंह और श्याम पहलवान के बीच मुकाबले से हुई। दोनों के बीच हुई जोरदार कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई।
दंगल के सफल आयोजन में महेंद्र भास्कर, राज सिंह पहलवान, जगबीर सिंह दहिया, बिजेंद्र सिंह दहिया, बैजनाथ सूद, भोला पहलवान, पुरुषोत्तम इंदौरिया, अजय यादव, संजय सूद, किरणपाल तोमर, गौरव सहरावत, सूरज सहरावत, देवेश टांक, वरुण टांक, मेहर सिंह खलीफा, सरजू पहलवान, महावीर सिंह, महावीर भाई, पवन बालगुहर, लव पहलवान और नरेंद्र सिंह ओहल्यान सहित अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने कहा कि मासिक दंगल का उद्देश्य भारतीय शैली की पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।