एकता मिशन एवं मलिक म्यूजिक इवेंट्स द्वारा आयोजित ‘सिंगर सितारों की खोज ग्रैंड फिनाले-2026’ का भव्य आयोजन तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक पापोन तथा पद्मश्री एवं भजन सम्राट और एकता मिशन के चेयरमैन अनूप जलोटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पवन मोंगा ने की, जबकि आयोजन मलिक म्यूजिक इवेंट्स के संस्थापक संजय मलिक ने किया।

इस अवसर पर सीनियर जर्नलिस्ट एवं फिल्म क्रिटिक डॉ. सुनील पाराशर को ‘बेस्ट फिल्म क्रिटिक जर्नलिस्ट’ के सम्मान से नवाजा गया। साथ ही ओल्ड एज होम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतरीन एंटरटेनमेंट शो आयोजित करने के लिए भी उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान अनूप जलोटा के कर-कमलों से प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में एकता मिशन के अध्यक्ष डॉ. पवन मोंगा, महामंत्री संजय मलिक सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सिंगर सितारों की खोज ग्रैंड फिनाले-2026 के विजेता प्रिंस एवं प्रियंका शाह रहे। कार्यक्रम का संचालन काव्या कुलहारी एवं डॉ. इमरान ने किया।
इस अवसर पर अनूप जलोटा ने आयोजकों की मेहनत की सराहना की, जबकि पापोन ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। अंत में डॉ. पवन मोंगा ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।