उद्योगों के विकास, व्यापारिक नेतृत्व और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान
- सुनीत नरूला
नई दिल्ली। एपेक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एनसीटी दिल्ली) के अध्यक्ष डॉ. कपिल चोपड़ा को उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान, व्यापारिक नेतृत्व तथा सामाजिक एवं परोपकारी कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘ऑनर ऑफ अशोक अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। चार्ल्स वाल्टर्स काउंसिल फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च द्वारा आयोजित इस समारोह में डॉ. चोपड़ा के बहुआयामी योगदान की सराहना की गई।
डॉ. कपिल चोपड़ा उद्योगों के विकास, व्यापारिक हितों के संरक्षण तथा उद्यमियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका योगदान केवल व्यापार एवं उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सेवा और परोपकार के क्षेत्र में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।

डॉ. चोपड़ा हिंदुस्तान सिटी गैस और बेंटेक्स ग्रुप के चेयरमैन हैं। इसके अतिरिक्त, वे भारत-कैरेबियन पार्टनरशिप काउंसिल (आईसीपीसी) में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हैं तथा नाइजीरिया-भारत बिजनेस काउंसिल (एनआईबीसी) से संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं। वे ग्रेनेडा सरकार के भारत में मानद महावाणिज्यदूत के रूप में भी कार्यरत हैं।
व्यापार, उद्योग, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रियता उन्हें एक बहुआयामी व्यक्तित्व प्रदान करती है। ‘ऑनर ऑफ अशोक अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया जाना उनके प्रयासों, नेतृत्व क्षमता तथा उद्योग और समाज के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण पहचान है।