नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर की 103 वर्ष पुरानी प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा 18 नवंबर को गढ़वाल भवन के भागीरथी सभागार में उत्तराखंड के लोकपर्व इगास-बग्वाल का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि सांसद बांसुरी स्वराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखना अपनी जड़ों से जुड़े रहने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति और विरासत को संरक्षित कर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। महासचिव एवं शिक्षाविद पवन कुमार मैठाणी ने कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक एवं चिकित्सा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। घुघुती सांस्कृतिक मंच की कोमल राणा नेगी की टीम ने मनमोहक लोकगीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। माधो सिंह भंडारी पर आधारित नृत्य नाटिका विशेष आकर्षण रही। ढोल-दमाऊ और मसकबीन की धुन पर पारंपरिक भैलो खेलकर उत्तराखंड की लोक परंपरा को जीवंत किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने स्वाले, फाणूं और झंगोरे की खीर सहित पारंपरिक उत्तराखंडी व्यंजनों का आनंद लिया। पूरा आयोजन लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और पहाड़ी परंपराओं के संरक्षण का यादगार उत्सव बन गया।