फूड कोर्ट में बिहार के दाल पीठी और लिट्टी-चोखा लोगों की पहली पसंद बने, स्टॉल पर उमड़ी भीड़
45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साझीदार राज्य बिहार को सम्मानजनक सहभागिता पुरस्कार मिला। बिहार सरकार की ओर से यह पुरस्कार डॉ. विद्यानंद सिंह (आईएएस), हथकरघा एवं रेशम पालन निदेशालय, उद्योग विभाग, बिहार सरकार ने ग्रहण किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। लोगों ने इन उत्पादों की जमकर खरीदारी की। बांका के कामरान फैजल के स्टॉल और मेनका के अश्विता हैंडलूम स्टॉल पर भी खरीदारों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।
वहीं, फूड कोर्ट में बिहार स्टेट फूड स्टॉल पर बिहार के खास दाल पीठी और लिट्टी-चोखा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बिहार के फूड स्टॉल पर मिस्टर लिट्टी वाला के संचालक देवेंद्र सिंह ने कहा कि यहां लिट्टी-चोखा और दाल पीठी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
इस अवसर पर हैदर ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को मिल रही प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। इस तरह के आयोजन बिहार के कारीगरों, बुनकरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही, देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति और खानपान से जुड़ने का मौका मिलता है।”