चिकित्सा सेवाओं को उपभोक्ता संरक्षण कानून (Consumer Protection Act – CPA) के दायरे में लाए जाने के करीब तीन दशक बाद अब इस कानून के तहत मेडिकल लापरवाही के मामलों की सुनवाई की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। चिकित्सा संगठनों का कहना है कि मेडिकल लापरवाही से जुड़े जटिल मामलों का फैसला करने के लिए विशेषज्ञों की राय जरूरी है। साथ ही वास्तविक लापरवाही और इलाज के दौरान होने वाली ऐसी जटिलताओं के बीच अंतर करना भी आवश्यक है, जिन्हें हर बार रोका नहीं जा सकता। बढ़ते मुकदमों का असर डॉक्टरों के कामकाज और डॉक्टर-मरीज के आपसी भरोसे पर भी पड़ रहा है।
इन्हीं मुद्दों को उठाते हुए नेशनल मेडिकल फोरम (NMF) और एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (इंडिया) (AHPI) ने नई दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 ऑन मेडिकल नेग्लिजेंस, प्रोफेशनल अकाउंटेबिलिटी एंड कंज्यूमर प्रोटेक्शन’ जारी किया। इसमें मरीजों के अधिकारों और न्याय पाने के रास्ते को सुरक्षित रखते हुए मौजूदा कानूनी व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की गई है।
यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 1995 के ऐतिहासिक फैसले इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बनाम वी.पी. शांथा के करीब तीन दशक बाद सामने आई है। इसी फैसले के बाद चिकित्सा सेवाओं को उपभोक्ता संरक्षण कानून के दायरे में लाया गया था।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नेशनल मेडिकल फोरम के चेयरमैन डॉ. प्रेम अग्रवाल ने कहा कि पिछले 30 वर्षों में डॉक्टरों पर उपभोक्ता संरक्षण कानून लागू होने के अनुभव ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एक जटिल पेशा है, जिसमें डॉक्टरों को कई बार मरीज की स्थिति के अनुसार कठिन फैसले लेने पड़ते हैं। इलाज में जोखिम और अनिश्चितताएं भी होती हैं। ऐसे में इलाज सफल न होने, मरीज की हालत बिगड़ने या किसी गंभीर परिणाम के सामने आने को अपने आप डॉक्टर की लापरवाही नहीं माना जा सकता।
नेशनल मेडिकल फोरम और AHPI लंबे समय से इस मुद्दे को कानूनी और अन्य मंचों पर उठा रहे हैं। चिकित्सा सेवाओं पर उपभोक्ता संरक्षण कानून लागू किए जाने को चुनौती देने वाली एक याचिका फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।
AHPI के संस्थापक एवं संरक्षक डॉ. एलेक्जेंडर थॉमस (डॉ. एलेक्स थॉमस) ने मेडिकल लापरवाही के मामलों के निपटारे की मौजूदा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सुनवाई में चिकित्सा विशेषज्ञों की भूमिका महत्वपूर्ण होनी चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर न्याय मिल सके और डॉक्टरों के साथ भी निष्पक्ष व्यवहार हो।
दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट से अपील की गई है कि मेडिकल लापरवाही के मामलों को उपभोक्ता आयोगों के दायरे में रखने की व्यवस्था पर दोबारा विचार किया जाए। साथ ही ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए एक अलग, पारदर्शी और चिकित्सा विशेषज्ञों की भागीदारी वाली व्यवस्था बनाई जाए।
घोषणा में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मरीजों की सुरक्षा, सम्मान, इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी पाने का अधिकार, इलाज से पहले सहमति, डॉक्टरों की जवाबदेही और समय पर न्याय मिलने का अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहना चाहिए। वास्तविक मेडिकल लापरवाही, इलाज के दौरान होने वाली सामान्य जटिलताओं, उचित चिकित्सकीय फैसलों और ऐसी गंभीर परिस्थितियों में अंतर करना जरूरी है, जिन्हें सही इलाज के बावजूद टाला नहीं जा सकता।
दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 का उद्देश्य ऐसी संतुलित व्यवस्था की मांग करना है, जिसमें मरीजों के अधिकार सुरक्षित रहें, डॉक्टरों को बेबुनियाद मुकदमों से बचाया जा सके और डॉक्टर-मरीज के बीच आपसी विश्वास मजबूत हो।