व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्य कर रही संस्था ग्लोबल मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारी छोटा हो या बड़ा, दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। कड़ी मेहनत के बाद ही कोई व्यापारी अपना उद्योग या व्यापार स्थापित कर पाता है, जिससे न केवल उसका परिवार बल्कि उसके साथ काम करने वाले कई लोगों का भी जीवन यापन चलता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा अपने सहकर्मियों को रोजगार देना एक बहुत बड़ा धर्म है और संस्था ऐसे मेहनती व्यापारियों की खुशी, सम्मान और सहयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्रीवास्तव के अनुसार व्यापारी वर्ग के सामने जितनी अड़चनें और चुनौतियां होती हैं, उतनी शायद किसी अन्य क्षेत्र में नहीं होतीं। किसी भी कारोबार में मुनाफे से पहले खर्च और कई तरह की जिम्मेदारियां सामने आती हैं।
सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ग्लोबल मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स फाउंडेशन सरकार और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर द्विपक्षीय संवाद और समझौते कराने के लिए सजगता से कार्य कर रही है। संस्था व्यापारियों के आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने आगे बताया कि संस्था पूरे देश में एंटरप्रेन्योर्स और संघर्षरत व्यापारियों के सम्मान के लिए समय-समय पर “बिजनेस अचीवर्स अवॉर्ड” समारोह का आयोजन भी करती है। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों और व्यापारियों को सम्मानित किया जाता है, जिससे उन्हें प्रोत्साहन और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।