दिल्ली के गुरु अंगद नगर, गुरुद्वारा रोड स्थित एक फ्लैट की पहली मंजिल पर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते धुआं तेजी से फैलने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए कोई भी ऊपर जाकर स्थिति संभालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसी बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

इसी दौरान संयोगवश हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह और हेड कांस्टेबल अरुण कुमार वहां से गुजर रहे थे। मौके पर भीड़ देखकर दोनों तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से पूरी जानकारी ली। जैसे ही उन्हें पता चला कि फ्लैट में आग लगी है, उन्होंने बिना समय गंवाए साहस दिखाते हुए ऊपर जाने का निर्णय लिया।
फ्लैट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन दोनों जवानों ने लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया और अंदर प्रवेश किया। उन्होंने सबसे पहले बिजली के स्विच ऑफ किए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। इसके बाद टॉर्च की सहायता से अंदर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पूरी तरह बुझा दी गई।
इस साहसिक कार्य के लिए स्थानीय RWA ने SHO की मौजूदगी में दोनों पुलिस जवानों को सम्मानित किया। RWA की ओर से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरदार अमरजीत सिंह बिल्ला, मनीष यादव, वी.के. शर्मा, गौरव शर्मा और कृष्ण शर्मा ने दोनों जवानों का अभिनंदन किया।
कॉलोनी वासियों ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि अगर पुलिस और जनता मिलकर काम करें, तो किसी भी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है। साथ ही, लोगों ने पुलिस अधिकारियों से अपील की कि ऐसे जांबाज जवानों का मनोबल बढ़ाया जाए, ताकि वे आगे भी इसी तरह समाज की सुरक्षा में तत्पर रहें।