नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली ज्वेलर्स वेलफेयर एसोसिएशन (EDJWA) द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण सभा में शाहदरा जिले के डीसीपी तथा कृष्णा नगर थाना प्रभारी का भव्य स्वागत एसोसिएशन के प्रधान अशोक सेठ एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ईडीजेडब्ल्यूए के सदस्यों के साथ-साथ कृष्णा नगर की विभिन्न ट्रेडर्स एसोसिएशनों के प्रमुखों की उपस्थिति ने बैठक को बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावशाली बना दिया।
बैठक में वर्तमान समय की सबसे गंभीर समस्या साइबर फ्रॉड सहित आम जनमानस से जुड़ी कई जटिल होती जा रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने कहा कि साइबर अपराध लगातार नए रूप ले रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग और आम लोग दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सभा के दौरान पहली बार रोड एन्क्रोचमेंट (सड़क अतिक्रमण) के मुद्दे को भी बेहद गंभीरता और भावनात्मक तरीके से उठाया गया। एक सदस्य ने व्यापारिक क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण से यातायात, सुरक्षा और कारोबार पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को दर्दपूर्वक सामने रखा।
शाहदरा डीसीपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि दिल्ली पुलिस इन मुद्दों पर हरसंभव कार्रवाई करेगी। उन्होंने सभी व्यापारिक संगठनों से अपील की कि साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को समय रहते सतर्क किया जा सके।
डीसीपी ने ज्वेलर्स समुदाय को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि सभी प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे और सीसीटीवी सिस्टम लगाए जाएं तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं भी सजग रहना होगा।
बैठक का समापन व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।