विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर विशेष

- उमेश जोशी
आज 3 मई, रविवार का दिन अपने भीतर दो महत्वपूर्ण वैश्विक अवसरों का अद्भुत संगम लेकर आया है— विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस और विश्व हास्य दिवस। एक ओर पत्रकारिता की स्वतंत्रता का गंभीर विमर्श है, तो दूसरी ओर हँसी, व्यंग्य और सकारात्मकता का उत्सव। लेकिन यदि हम आज की परिस्थितियों में “प्रेस स्वतंत्रता” के वास्तविक मायने समझ लें, तो शायद हास्य योग करने की आवश्यकता ही न पड़े—हँसी अपने आप फूट पड़े।
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की औपचारिक शुरुआत 1993 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा की गई थी। इसकी प्रेरणा 1991 की ऐतिहासिक विंडहोक घोषणा (Windhoek Declaration) से मिली, जिसने स्वतंत्र, निष्पक्ष और बहुलतावादी मीडिया की आवश्यकता को वैश्विक मंच पर स्थापित किया। यह दिवस केवल पत्रकारों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र की उस आत्मा का स्मरण है, जिसकी सांसें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से चलती हैं।
इस वर्ष 2026 की थीम है—
“शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण: सत्य, स्वतंत्रता और डिजिटल युग में जवाबदेही के साथ।”
यह विषय आज के तकनीकी और डिजिटल संक्रमण के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है, जहाँ सूचना की गति तेज है, लेकिन सत्य की यात्रा कठिन होती जा रही है। ऐसे समय में पत्रकारिता का मूल धर्म—सत्य, संतुलन और जनहित—और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
संयोग से आज विश्व हास्य दिवस भी है, जिसकी शुरुआत 10 जनवरी 1998 को डॉ. मदन कटारिया ने मुंबई से की थी। यह दिवस हँसी के माध्यम से तनाव कम करने, स्वास्थ्य सुधारने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का संदेश देता है। लेकिन आज का सबसे बड़ा व्यंग्य शायद यही है कि “प्रेस स्वतंत्रता” शब्द स्वयं एक हास्य प्रतीक बनता जा रहा है।
एक पत्रकार के रूप में मेरी 21 वर्षों की प्रिंट मीडिया यात्रा, लगभग 30 वर्षों का टीवी अनुभव और 16 वर्षों का रेडियो सफर—इन सबने मुझे अभिव्यक्ति की शक्ति को बेहद करीब से महसूस करने का अवसर दिया। सौभाग्य से, उन 21 वर्षों में सेंसरशिप के नाम पर 21 शब्द भी नहीं रोके गए। यह केवल पेशेवर स्वतंत्रता नहीं थी, बल्कि एक वैचारिक विश्वास था, जिसे आदरणीय प्रभाष जोशी जैसे संपादकों ने जीवित रखा।
जनसत्ता के उस दौर के हम सभी साथी वास्तव में सौभाग्यशाली रहे कि हमने प्रेस की वास्तविक स्वतंत्रता को जिया, महसूस किया और उसकी गरिमा को समझा। आज वैसी स्वतंत्रता कल्पना में भी आने से डरती है। शायद इसलिए क्योंकि स्वतंत्र पत्रकारिता सत्ता से नहीं, सत्य से संचालित होती है—और सत्य हमेशा असुविधाजनक होता है।
आज आवश्यकता केवल प्रेस की स्वतंत्रता की बात करने की नहीं, बल्कि उसे बचाने की है। क्योंकि जब पत्रकार डरता है, तब लोकतंत्र कमजोर होता है; और जब पत्रकार निर्भीक होता है, तभी जनता की आवाज़ सशक्त होती है।
आइए, इस अवसर पर हम सभी सत्य, निष्पक्षता, निर्भीकता और जनविश्वास के उन मूल्यों को पुनः सहेजने का संकल्प लें, जो पत्रकारिता की आत्मा हैं।
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस एवं विश्व हास्य दिवस की सार्थक शुभकामनाएँ।