दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस एवं जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर 4 जून 2026 को राजधानी दिल्ली में एक विशाल प्रदर्शन एवं “जेल भरो आंदोलन” आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे इंदिरा भवन, 9-ए, कोटला मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
महिला कांग्रेस की नेताओं ने कहा कि आज देश की महिलाएं अपने अधिकारों की मांग कर रही हैं, लेकिन उन्हें न्याय के स्थान पर उपेक्षा, अपमान और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में महिलाओं ने एकजुट होकर संघर्ष का बिगुल फूंका है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुश्री पूनम सिंह तथा जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता धवन सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी।
इस अवसर पर श्रीमती अलका लांबा ने कहा, “महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अब चुप नहीं रहा जा सकता। जब महिलाएं अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग करती हैं और उन्हें न्याय के बजाय उपेक्षा, अपमान तथा दमन का सामना करना पड़ता है, तब लोकतांत्रिक संघर्ष आवश्यक हो जाता है। 4 जून का यह आंदोलन देश की हर उस महिला की आवाज है जो समान अधिकार, सम्मान और न्याय चाहती है। हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेंगे तथा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।”
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने महिलाओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा तथा उनकी आवाज को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।