भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) एवं जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) द्वारा ऐतिहासिक टाउन हॉल में राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव, डीपीसीसी के संचार विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, सिटी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष योगानंद शास्त्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कमर्शियल आर्टिस्ट श्रीमती राज कुमारी वर्मा को वर्ष 1968 से कांग्रेस पार्टी और सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया। श्रीमती वर्मा शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। वे इंद्रप्रस्थ एजुकेशन सोसायटी से जुड़ी हुई हैं तथा ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंद्रप्रस्थ गर्ल्स एजुकेशन सोसायटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी श्री सतेंद्र जैन को भी उनके राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और समर्पित समाजसेवियों का सम्मान करना नई पीढ़ी को देशभक्ति, सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
वक्ताओं ने भारत छोड़ो आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आंदोलन भारत की आजादी की लड़ाई का निर्णायक अध्याय था, जिसने देशवासियों में स्वतंत्रता के प्रति नई चेतना का संचार किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।