109 वर्ष पुरानी शैक्षिक विरासत को आगे बढ़ाने की मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली। एस.डी. पब्लिक स्कूल की प्रबंध समिति ने श्री संजीव सिंघल को सर्वसम्मति से विद्यालय का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया है। समिति के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके सक्षम नेतृत्व, दूरदर्शिता और मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा तथा अपनी गौरवशाली पहचान को और मजबूत करेगा।
संस्था के प्रबंधक एवं सचिव प्रदीप शरण, सदस्य धीरजधर गुप्ता, सुभाष गोयल तथा पूर्व निगम पार्षद अशोक जैन ने बताया कि एस.डी. पब्लिक स्कूल की गौरवशाली यात्रा वर्ष 1917 में शुरू हुई थी। शिक्षा के प्रसार और समाज में ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित करने के उद्देश्य से लाला लक्ष्मण दास जी ने चीरा खाना, चांदनी चौक में विद्यालय की नींव रखी थी। उस समय रोपी गई शिक्षा की छोटी-सी पौध आज 103 वर्षों की यात्रा पूरी कर विशाल वृक्ष का रूप ले चुकी है। संस्था ने हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि लाला लक्ष्मण दास जी के निधन के बाद उनके पुत्र लाला बृजभूषण शरण जी ने इस शैक्षिक एवं सामाजिक मिशन को आगे बढ़ाया। अब उनके पुत्र प्रदीप शरण जी अपने दादा की इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्री भुवन मोहन जी को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विद्यालय के विकास और प्रगति में उनके योगदान एवं समर्पित सेवाओं को सदैव सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा। समिति ने विश्वास जताया कि श्री संजीव सिंघल के नेतृत्व में विद्यालय अपनी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।