राजनाथ का कांग्रेस पर तंज, कहा- राजनीति में विश्वास का संकट पैदा किया

0

धौलपुर/जयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के लोगों ने राजनीति में विश्वास का संकट पैदा किया जबकि भाजपा ने इस चुनौती को स्वीकार किया है। जयपुर की आमेर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। कांग्रेस के लोगों ने विश्वास का संकट पैदा किया है और भाजपा ने इस चुनौती को स्वीकार किया है। भाजपा की सरकारों ने अपने काम के जरिये यह करके दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां को भी नहीं बख्शा। प्रधानमंत्री का पद एक संस्था होती है ना कि एक व्यक्ति। उन्होंने कहा कि रावण राम से ज्यादा धनवान और ज्ञानी था लेकिन पूजा राम की होती है क्योंकि उन्होंने जीवनभर मर्यादा का पालन किया। इससे पहले धौलपुर के राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि विकास के लिए सुरक्षा सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। भारतीय सेना तथा अर्धसैनिक बल के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सुरक्षा में जी जान से जुटे हैं। सिंह ने कहा कि सेना गोलियों का हिसाब रखे बिना आतंकवादियों को मुहंतोड जबाब दे रही है और देश की सुरक्षा के साथ में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी तरफ से पाकिस्तान जाकर रिश्ते बेहतर बनाने की कोशिश की लेकिन पाकिस्तान नहीं सुधरा। इसलिए सेना के जवानों को कहा गया है कि पहली गोली वे ना चलाएं लेकिन अगर पाकिस्तान की तरफ से पहली गोली चलती है तो जबाब में गोलियों का कोई हिसाब ना रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *