नई दिल्ली। गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र के ईस्ट आजाद नगर स्थित अजीत दरबार गुरुद्वारा में एक नि:शुल्क मेडिकल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रवि आर्य द्वारा किया गया, जिसमें लगभग 120 जरूरतमंद मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
डॉ. रवि आर्य ने बताया कि इस स्वास्थ्य सेवा अभियान की शुरुआत 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर की गई थी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और आने वाले समय में जिला कृष्णा नगर के प्रत्येक वार्ड में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्वास्थ्य शिविर को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम में जिला कृष्णा नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता धवन, अनारकली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सरीन, जनहित स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष जवाहरलाल धवन, गांधी नगर के समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह तथा अंकुर शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सभी वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं और समाज में सेवा भावना को मजबूत करते हैं।