दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने यमुना घाट के किनारे वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों को हटाने की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय बताते हुए कहा कि बिना उचित पुनर्वास के किसी भी परिवार को बेघर करना न्यायसंगत नहीं है।
यमुना घाट क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान देवेंद्र यादव ने उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने पीढ़ियों से इस क्षेत्र में अपना जीवन बिताया है, उन्हें अचानक उजाड़ना संवेदनहीन निर्णय है।


देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार को पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई पर विचार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।


इस अवसर पर पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, मुदित अग्रवाल, जगजीवन शर्मा, डॉ. पी.के. मिश्रा, मो. उस्मान, राहुल शर्मा, राहुल डाबला सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि यमुना घाट के प्रभावित परिवारों को तत्काल वैकल्पिक आवास एवं पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी परिवार को बेघर होने की नौबत न आए।