नई दिल्ली। खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अस्त्रवीर फुटबॉल फाउंडेशन द्वारा स्कूल ब्लॉक, शकरपुर, दिल्ली में अंडर-15 वन वर्सेज वन फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन एवं निगम पार्षद श्री रामकिशोर शर्मा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का आधार हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें प्रतिभागियों ने बेहतरीन खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। कड़े मुकाबलों के बाद अर्चित ने प्रथम स्थान, कनिष्क ने द्वितीय स्थान तथा अमोश लॉरेंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, फुटबॉल एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अस्त्रवीर फुटबॉल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के माध्यम से बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे ताकि उभरती खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें श्री अनिल गुप्ता (सोनू पानी वाला), श्री सुनील गुप्ता, एडवोकेट हरीश गोला, श्री पवन रावत, श्री जगदीश अग्रवाल, श्री भवानी बिष्ट, श्री अभिषेक सिंघल, श्री राजेंद्र सिंह, श्री सतीश द्विवेदी, श्री राजीव नंदा, श्री सोनू प्रिंटर एवं श्री मनीष जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन की सफलता में अस्त्रवीर फुटबॉल फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती रितु रावत, श्री आशुतोष कुमार, कोच श्री हिमांशु लिंगवाल तथा सपोर्टिंग सदस्य श्री सागर रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उपस्थित अतिथियों ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।