इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA) दिल्ली स्टेट एवं ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के संयुक्त तत्वावधान में “MSME प्राइड वॉकाथॉन 2026” का सफल आयोजन कर्नल सिंह स्टेडियम, दिल्ली में किया गया।
इस कार्यक्रम में लगभग 1000 युवाओं, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों, निजी एवं सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के महत्व, स्वरोजगार के अवसरों, उद्यमिता विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में डॉ. ममता मही, चेयरपर्सन, आईआईए दिल्ली स्टेट तथा श्री नीरज बजाज, सचिव, आईआईए दिल्ली स्टेट मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, जो रोजगार सृजन, नवाचार और आर्थिक विकास में अहम योगदान देता है। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वॉकाथॉन को रवाना किया।

श्री अवतार सिंह के नेतृत्व में युवा टीम ने भी इस वॉकाथॉन में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया।
वॉकाथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने कर्नल सिंह स्टेडियम के तीन चक्कर लगाए। इस अवसर पर लोगों को बताया गया कि किस प्रकार एमएसएमई के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय शुरू किया जा सकता है, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र, पदक, कैप एवं टी-शर्ट प्रदान किए गए। साथ ही सभी के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई।
यह आयोजन एमएसएमई क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करने तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।