आईएमएस गाजियाबाद में सात दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम ‘संकल्प-2026’ का शुभारंभ
गाजियाबाद। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस), गाजियाबाद में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित सात दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम ‘संकल्प-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यसंस्कृति, शैक्षणिक वातावरण, नैतिक मूल्यों तथा भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विक्रम सिंह, पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), उत्तर प्रदेश एवं वर्तमान कुलपति, नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को केवल बाहरी सौंदर्य पर ध्यान केंद्रित नहीं करना चाहिए, बल्कि आत्मा के विस्तार और व्यक्तित्व के समग्र विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विपिन गुप्ता, संस्थापक एवं मुख्य संपादक, नेशनल एक्सप्रेस ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे कर्मों की भूख और मूर्ख जैसा बनकर ज्ञान प्राप्त करने की जिज्ञासा ही व्यक्ति को श्रेष्ठ बनाती है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक नेतृत्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को अपने व्यक्तित्व में संवेदनशीलता, विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व को विकसित करना चाहिए।
कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव, प्रबंधन शिक्षा की बदलती चुनौतियों तथा रोजगारपरक कौशल विकास पर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता ही विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाएगी।
आईएमएस प्रबंधन ने बताया कि ‘संकल्प-2026’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को संस्थान की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, उद्योग जगत की अपेक्षाओं, शोध एवं नवाचार, कॉर्पोरेट संस्कृति तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों एवं कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों द्वारा भी विद्यार्थियों को संबोधित किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्राध्यापकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सरोकारों के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।