संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी की असीम कृपा से निरंकारी कॉलोनी स्थित ग्राउंड नं. 8, बुराड़ी रोड पर सेक्टर स्तरीय निरंकारी महिला संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक समागम में नत्थूपुरा, संत नगर, हरदेव नगर, निरंकारी कॉलोनी, मुखर्जी नगर, मॉडल टाउन एवं विजय नगर शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बहनों एवं साध संगत ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समागम में मुख्य वक्ता के रूप में देहरादून से पधारी ज्ञान प्रचारक बहन पिंकी निझोन ने सतगुरु माता जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल सत्संग सुन लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सत्गुरु के वचनों को अपने जीवन में उतारना ही सच्चे श्रवण की पहचान है। उन्होंने राजमाता जी द्वारा सुनाई गई शिकारी और पक्षियों की प्रेरणादायी कथा का उल्लेख करते हुए लालच से दूर रहने, आत्मचिंतन करने तथा सत्गुरु के आदेशों पर चलने की शक्ति प्राप्त करने का संदेश दिया।

बहन पिंकी निझोन ने सत्संग को जीवन रूपी कल्पवृक्ष बताते हुए प्रेम, सेवा, विनम्रता, पाँच प्रणों के पालन, समय के सदुपयोग तथा संगत की शिक्षाओं को व्यवहार में अपनाने की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही सत्संग एवं आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना आवश्यक है, जिससे उनमें मानवीय मूल्यों का विकास हो सके। उन्होंने सेवा और सत्संग को जीवन की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि इनका प्रभाव स्थायी एवं कल्याणकारी होता है।

अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने जीवन के मूल प्रश्न—“मैं कौन हूँ, कहाँ से आया हूँ और मुझे कहाँ जाना है?”—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन प्रश्नों का उत्तर केवल पूर्ण सत्गुरु की कृपा से प्राप्त होने वाले ब्रह्मज्ञान के माध्यम से ही संभव है। जब आत्मा अपने वास्तविक स्वरूप और परमात्मा से अपने संबंध को जान लेती है, तभी जीवन सार्थक, शांतिमय और कल्याणकारी बनता है।
समागम के दौरान विभिन्न शाखाओं की बहनों ने भक्ति गीतों, कविताओं एवं प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से सत्गुरु के दिव्य संदेश का प्रसार किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर निरंकारी कॉलोनी सेक्टर के संयोजक आदरणीय मनमोहन सिंह खुराना ने सभी मुखियों, संयोजकों, सेवादल के सदस्यों, दूर-दराज़ से पधारी बहनों एवं साध संगत का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सेवा भावना से यह समागम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा।