गुरु पूर्णिमा एवं श्रावण मास के प्रथम दिवस पर झंडेवाला देवी मंदिर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव को समर्पित श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही मंदिर परिसर में शिवलिंगों पर जलाभिषेक का क्रम आरंभ हो गया। मंदिर प्रशासन द्वारा इस अवसर पर विशेष सज्जा की गई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।


अनूप सरदाना ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव का अत्यंत प्रिय मास माना जाता है तथा आज से ही चातुर्मास का भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रातःकाल से ही झंडेवाला देवी मंदिर प्रांगण की प्रथम मंजिल पर स्थित शिवालय में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर में आने वाले भक्तों को खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।

मंदिर के ट्रस्टी एवं अतिरिक्त प्रबंधक रविन्द्र गोयल ने बताया कि नीचे स्थित गुफा वाले शिवालय में प्रतिदिन विशेष रुद्राभिषेक की व्यवस्था की गई है। इसके लिए पूर्व बुकिंग करानी होती है तथा यह विशेष अनुष्ठान दिन में पांच बार संपन्न कराया जाता है।
श्रावण मास के शुभारंभ पर मंदिर के सभी शिवालयों की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भक्तों ने भगवान शिव एवं मां भगवती के दर्शन कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।