श्री राम हनुमान वाटिका में श्रीमद्भागवत कथा का समापन, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
आसफ अली रोड स्थित मंदिर श्री राम हनुमान वाटिका के बैकुंठवासी महंत श्री राम कृष्ण दास महात्यागी महाराज जी ‘मचान वाले बाबा’ की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ उनकी मूर्ति की स्थापना की गई। मंदिर के महंत श्रीरामगोपाल दास महत्यागी, महंत नवल किशोर दास समेत संत-महात्माओं के अलावा पूर्व पार्षद अशोक जैन, समाजसेवी कैलाश खंडेलवाल, मनोज गुप्ता, पवन झलानी और सुरेंद्र कुमार सहित अनेक श्रद्धालुओं और श्रद्धालुओं ने बाबा को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर संतों ने कहा कि संतों का जीवन समाज को धर्म, सेवा और सद्मार्ग की प्रेरणा देता है। बाबा की स्मृतियां और उनकी सेवा परंपरा श्रद्धालुओं को आगे भी प्रेरित करती रहेगी।
पुण्यतिथि के अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का भी विधिवत समापन हुआ। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति के महत्व का वर्णन किया गया। कथा समापन के बाद सामूहिक आरती हुई और मंदिर परिसर भजन-कीर्तन से भक्तिमय हो उठा।
श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संतों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।