- प्रौद्योगिकी, डिजिटल पहुंच और जमीनी स्तर की निगरानी से नागरिक सेवाएं अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और जवाबदेह बनेंगी” — मनोज कुमार द्विवेदी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘सिटीजन फर्स्ट’ विजन के अनुरूप, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण पहलें शुरू की हैं। एनडीएमसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पालिका केंद्र में पूरी तरह ऑनलाइन एवं पेपरलेस जन्म-मृत्यु पंजीकरण सेवा, सरकारी पशु चिकित्सालय के लिए ऑनलाइन पालतू पशु सेवा प्लेटफॉर्म तथा 346 सार्वजनिक शौचालयों को वरिष्ठ अधिकारियों एवं परिषद सदस्यों द्वारा गोद लेने की पहल का शुभारंभ किया।
श्री द्विवेदी ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य कागजी कार्यवाही, प्रतीक्षा समय और कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता को कम करना तथा सेवा वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है। नई ऑनलाइन जन्म-मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था के तहत नागरिक प्रमाण-पत्रों में सुधार, बच्चे का नाम जोड़ने, घर पर हुए जन्म एवं मृत्यु के पंजीकरण और विलंबित पंजीकरण जैसी सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे। अस्पतालों द्वारा संबंधित जानकारी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भेजे जाने से प्रक्रिया अधिक सरल और पेपरलेस होगी।
एनडीएमसी उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि ये पहलें प्रधानमंत्री के नागरिक-केंद्रित सुशासन के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि डिजिटल सेवाओं से नागरिकों को समय की बचत के साथ अधिक सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।
सरकारी पशु चिकित्सालय के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पालतू पशु मालिक पंजीकरण, ओपीडी एवं टीकाकरण अपॉइंटमेंट, टीकाकरण रिमाइंडर, डिजिटल प्रमाण-पत्र, ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इससे कतारों और प्रतीक्षा समय में कमी आने के साथ पशु चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
वहीं, 346 सार्वजनिक शौचालयों को गोद लेने की पहल के तहत वरिष्ठ अधिकारी और परिषद सदस्य नियमित निरीक्षण करेंगे। निगरानी में साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता, कचरे का निस्तारण और आवश्यक सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। परिषद सदस्य श्री अनिल वाल्मीकि ने कहा कि इस व्यवस्था से कमियों की समय पर पहचान और सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
परिषद सदस्य सुश्री सरिता तोमर ने सरकारी पशु चिकित्सालय में सुविधाओं और नए ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर की सराहना की। एनडीएमसी ने इन तीनों पहलों के माध्यम से स्वच्छ, हरित और प्रगतिशील नई दिल्ली के निर्माण तथा नागरिकों को बेहतर, सुलभ और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।