गोसेवा संस्थान श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर राकेश बिंदल को न्यास के विधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के दायित्वों से प्रतिष्ठित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रहे, जिन्होंने अपने करकमलों से श्री गोपाल कॉरिडोर का लोकार्पण भी किया।

अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि राकेश बिंदल अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ करेंगे तथा गोसेवा के इस महान कार्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपने प्रथम स्वागत संबोधन में राकेश बिंदल ने परम श्रद्धेय स्वामी श्री दत्तशरणानंद नंद जी महाराज सहित सभी संतजनों का चरण वंदन किया और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित उपस्थित सभी अतिथियों और भक्तों का अभिनंदन किया। उन्होंने इस अवसर पर एक दिव्य संकल्प की घोषणा करते हुए कहा कि विश्व के एकमात्र अद्वितीय एवं भव्य कामधेनु चिंतामणि क्षेत्र के रूप में विकसित किए जा रहे श्री गोपाल कॉरिडोर के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करना तथा श्री सुरभि विश्वविद्यालय की स्थापना को साकार करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा द्वारा पिछले कई वर्षों से निराश्रित, दुर्घटनाग्रस्त तथा विभिन्न स्थानों से मुक्त कराए गए गोवंश की सेवा का विशाल अभियान चलाया जा रहा है। इस महाभियान के अंतर्गत पश्चिम राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में स्थापित गौसेवा आश्रमों और ग्राम सेवा समितियों के माध्यम से गोरक्षण शिविरों में गोवंश के आश्रय, आहार और उपचार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। आने वाले समय में इस सेवा कार्य को और प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीकों का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक गौमाता की सेवा संभव हो सके।
कार्यक्रम में सत्यभूषण जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के करकमलों से गो-आवास का उद्घाटन भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और उत्सवमय बना दिया।