- विनोद पराशर
दिल्ली नगर निगम के दक्षिण क्षेत्र के आकलन एवं संग्रहण विभाग (A&C) द्वारा संयुक्त आकलन एवं संग्रहण अधिकारी के नेतृत्व में खानपुर–देवली रोड एवं इग्नू रोड क्षेत्र में संपत्ति करदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को SUNIYO योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्हें समय पर संपत्ति कर जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।

दक्षिण क्षेत्र का A&C विभाग इस वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर संग्रहण का अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड बनाने की दिशा में अग्रसर है। इसके बावजूद कई संपत्तियां, विशेषकर व्यावसायिक प्रतिष्ठान, अभी भी संपत्ति कर का भुगतान नहीं कर रहे हैं। विभाग द्वारा यूज़ कन्वर्ज़न रिकॉर्ड के आधार पर लगभग 5000 ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई है जो अभी तक संपत्ति कर के दायरे में नहीं आई हैं। इन संपत्तियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि 31 मार्च 2026 तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया गया तो दिल्ली नगर निगम अधिनियम के तहत अटैचमेंट एवं सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि SUNIYO योजना 2025–26 बकायेदारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से वे अपनी बकाया देनदारियां नियमित कर सकते हैं और दिल्ली में नागरिक सुविधाओं के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं। दिल्ली नगर निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे 31 मार्च 2026 से पहले संपत्ति कर जमा कर SUNIYO योजना का लाभ उठाएं।