नई दिल्ली। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान गायक, पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय पंडित राजन मिश्रा जी की स्मृति में एक विशेष संगीतमय संध्या “श्रद्धांजलि” का आयोजन 24 अप्रैल 2026 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दिल्ली के प्रतिष्ठित स्टीन ऑडिटोरियम, इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड में सायं 6:30 बजे से प्रारंभ होगा।

इस गरिमामय आयोजन की जानकारी देते हुए उनके सुपुत्र पंडित रितेश मिश्रा ने बताया कि यह संध्या उनके पिता की समृद्ध संगीत विरासत को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पंडित राजन मिश्रा जी ने बनारस घराने की गायकी को विश्व स्तर पर विशेष पहचान दिलाई और उनकी स्मृति में यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए एक भावपूर्ण अवसर होगा।
कार्यक्रम में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसमें प्रमुख रूप से पंडित भोला नाथ मिश्रा (वोकल), श्री अदनान खान (सितार), श्री जूहेब अहमद खान (तबला), पंडित भारत भूषण गोस्वामी (सारंगी), श्री जय शंकर मिश्रा (तबला) तथा श्री जाकिर धोलपुरी (हारमोनियम) शामिल होंगे।
इस आयोजन का संचालन सुश्री राधिका मिश्रा करेंगी, जबकि कार्यक्रम का संयोजन रितभवी प्रोडक्शन्स द्वारा किया गया है।
पंडित रितेश मिश्रा ने संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय श्रद्धांजलि में सहभागी बनें और महान कलाकार को अपनी श्रद्धा अर्पित करें।